राहुल गांधी: कांग्रेस का पांच न्याय- 25 गारंटी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 63वां और आख़िरी दिन आज भिवंडी से शुरू हुआ। हजारों लोगों की भीड़ के साथ यात्रा अपने गंतव्य की तरफ निकल पड़ी। सबसे पहले कांग्रेस नेता और न्याय यात्रा के नायक राहुल गांधी ने भारतीय इतिहास के पुरोधा छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबा साहेब अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, शाहू जी महाराज और संत तुकाराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद रोड शो शुरू हुआ। रोड शो में हजारों लोगों का जत्था साथ चला। महाराष्ट्र की जनता का उत्साह देखते ही बनता था। ठाणे में राहुल गांधी ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी को जमकर लताड़ लगाई।

उन्होंने कहा- ‘नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाना है। इलेक्टोरल बॉन्ड का उन्होंने पूरा ढांचा तैयार किया। अब निकलता क्या है कि भारत की सबसे बड़ी कंपनियां इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से हजारों करोड़ रुपया देती है। चार तरीके से देती है-

सबसे पहले कोई कंपनी है, उस पर सरकार ईडी, सीबीआई, इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट लगा देती है। दो-तीन महीने बाद वो बीजेपी को डोनेशन देते हैं। और डोनेशन देने के एकदम बाद ईडी, सीबीआई, इन्कम टैक्स की इन्क्वायरी ठंडी हो जाती है। ये हुआ एक्सटॉर्शन।

दूसरा तरीका- बड़े बड़े कॉन्ट्रैक्ट बनते हैं। सड़क के, पुल के, डिफेंस के, अलग अलग देश में कॉन्ट्रैक्ट बनता है। कॉन्ट्रैक्ट बनने के एक दो महीना पहले वही कंपनी जो कॉन्ट्रैक्ट लेने के लिए लाइन में खड़ी है, वो पैसा देती है और उनको कॉन्ट्रैक्ट मिल जाता है।

तीसरा तरीका- कॉन्ट्रैक्ट दिया जाता है किसी कंपनी को और कॉन्ट्रैक्ट का कमीशन नरेंद्र मोदी जी की पार्टी को मिल जाता है।

चौथा तरीका- शेल कंपनी। शेल कंपनी बना रखी है, उस कंपनी में से बीजेपी का अपना ही पैसा बीजेपी के हवाले हो जाता है। इस तरीके से बीजेपी ने हजारों करोड़ रुपए आपसे लिए हैं। ये पैसा जनता का है। GST का पैसा है।’

‘हिंदुस्तान में दलित, पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक, गरीब जनरल कास्ट के लोगों को मिलाकर 90% की आबादी है। लेकिन मीडिया, कॉर्पोरेट, प्राइवेट कॉलेज, यूनीवर्सिटी, प्राइवेट अस्पताल के मालिकों में आप कहीं नहीं हैं। सरकार को 90 लोग चलाते हैं उनमें से आपके सिर्फ 3 लोग हैं। उनको भी कोने में बिठा रखा है। सच्चाई ये है कि आपकी कहीं कोई भागीदारी नहीं है। आपका काम नरेंद्र मोदी जी आपको बताते हैं। प्रभु के गुण गाओ, आधी रोटी खाओ और मर जाओ, ये है मोदी जी का मॉडल।’

‘आपका पैसा नरेंद्र मोदी चौबीस घंटा आपको लूट रहे हैं। दुनिया का सबसे बड़ा एक्सटॉर्शन रैकेट। यहां पर छोटे छोटे सड़कों पर हफ्ता चलता है न? नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशनल लेवल का एक्सटॉर्शन रैकेट चलाया है। हिंदुस्तान में 50 लाख लोग कोविड के कारण मरे हैं। आपको पता तक नहीं चला। आजतक हिंदुस्तान की जनता को नहीं मालूम कि कितने लोग कोविड के कारण मरे हैं। जब कोविड हिंदुस्तान में लाशों के ढेर बना रहा था तो वैक्सीन वाली कंपनी नरेंद्र मोदी को पैसा दे रही थी। एक तरफ आपकी लाशें, दूसरी तरफ वैक्सीन वाली कंपनी सिरम इंस्टीट्यूट, सीधा नरेंद्र मोदी जी की पार्टी को करोड़ों रुपए पकड़ा रही थी। मोदी जी आपसे कह रहे हैं, थाली बजाओ, फोन के लाइट जलाओ, आप थाली बजा रहे हैं, फोन जला रहे हैं। उधर आपके जेब में से पैसा निकाल कर पूनावाला, सीधा बीजेपी को दे रहा है। कोविड में आपसे चोरी की। कोविड में कोवैक्सीन वैक्सीन से, सड़क से, डिफेंस इंडस्ट्री से, लिस्ट निकली है, हफ्ता लेते हैं मोदी जी। हिंदुस्तान में इंटरनेशनल लेवल का हफ्ता चल रहा है। और जो भी चू करता है, उसे अमित शाह, ईडी, सीबीआई, इन्कम टैक्स, डराकर चुप करा देता है।’

‘यहां पर शिवसेना, NCP को तोड़ा कैसे? यहां के MLA फ्री में भागे हैं क्या? इन सभी को मोदी जी की सरकार ने फिट किया है। इलेक्टोरल बॉन्ड में हफ्ता लेते हैं और फिर महाराष्ट्र की सरकार तोड़ते हैं। गोवा, मणिपुर, अरूणाचल, असम, जहां भी इनको सरकार तोड़नी होती है, एक तरफ अमित शाह खड़ा हो जाता है, दूसरी तरफ अदानी खड़ा हो जाता है, तीसरी तरफ नरेंद्र मोदी खड़ा हो जाता है। और फिर इनका काम शुरू हो जाता है।’

राहुल गांधी ने अदानी और मोदी के गठजोड़ पर भी कटाक्ष करते हुए कहा- ‘पहले पब्लिक सेक्‍टर में आपको जगह मिलती थी 90 परसेंट को, अब पब्लिक सेक्‍टर को, सारे के सारे को अडानी जी के हवाले कर दिया है। आप ट्रेन में जाओगे, रेलवे से पैसा अडानी ले जाएगा, आप सड़क पर चलोगे टोल बूथ से अडानी पैसा ले जाएगा। ये हमारा सिक्‍योरिटी वाला रायफल लेगा, अडानी को उसमें से पैसा मिलेगा, आप बिजली का स्विच ऑन करोगे, उसमें अडानी को हिस्‍सा मिलेगा और ये अडानी है कौन- ये अडानी नरेन्‍द्र मोदी है। ये एक ही चीज है, ये अडानी नरेन्‍द्र मोदी है, नरेन्‍द्र मोदी अडानी है। मोदानी कह लो इसको, अन्‍याय हो रहा है, किसके खिलाफ-आपके खिलाफ, 90 परसेंट। लोकतंत्र के सिस्‍टम को उठाकर ले गए, आप किसी को वोट देते हो, वोट किसी और को चला जाता है। आप किसी को चुनते हो, आप एमएलए चुनते हो, वो एमएलए किसी और का बन जाता है।’

इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोगों को बीजेपी के अन्याय के प्रति जागरूक कर रहे थे, तो उधर बेंगलुरू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। श्री खरगे ने इस संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पार्टी के मैनिफेस्टो और पांच न्याय के सिद्धांत का आखिरी वायदा बताया। श्री खरगे ने श्रमिक न्याय की घोषणा की।

उन्होंने कहा- ‘आज कांग्रेस पार्टी ‘श्रमिक न्याय’ गारंटी की घोषणा करने जा रही है, उसके पांच महत्वपूर्ण बिंदु है-

1. स्वास्थ्य अधिकार

• इसके तहत कांग्रेस श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य अधिकार का क़ानून बनाने की गारंटी देती है।

• इसके साथ Unorganised Sector तथा disabilities के शिकार लोगों के ज़रूरी TEST, मुफ्त इलाज, दवाओं का इंतजाम, सर्जरी सहित Rehabilitative और Palliative Care सहित universal healthcare की व्यवस्था जाएगी।

2. श्रम का सम्मान:

• कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाकर 400 रुपये प्रति दिन करेगी, जो मनरेगा श्रमिकों के लिए भी लागू होगी।

3. शहरी रोजगार गारंटी:

• कांग्रेस शहरी क्षेत्रों के लिए रोजगार गारंटी क़ानून लाएगी। इसके तहत public infrastructure बनाने, शहरों को जलवायु के अनुसार ढालने और सामाजिक सेवा तंत्र को और मजबूत बनाया जाएगा।

4. समाजिक सुरक्षा:

• असंगठित क्षेत्र (Unorganised Sector) के सभी श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा का प्रावधान होगा।

5. सुरक्षित रोजगार:

• मोदी सरकार द्वारा पारित anti-worker labour codes की कांग्रेस व्यापक समीक्षा करेगी। श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए उचित संशोधन की भी हम गारंटी देते हैं।

• कांग्रेस मुख्य सरकारी कार्यों में रोज़गार के लिए contractual प्रथा को बंद करेगी।

• Contract labour केवल आखिरी विकल्प होगा, जिसमें clear justification के साथ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होगी।

• Private Sector के लिए भी Contract employment में social security के minimum standards का पालन करना अनिवार्य होगा।

इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने हिस्सेदारी न्याय. की भी घोषणा की। उन्होंने कहा- ‘मैं आज देशभर के दलित, आदिवासी, पिछड़े/ ओबीसी, अल्पसंख्यक और कमज़ोर तबकों के सभी भाई-बहनों के लिए कांग्रेस पार्टी की ‘हिस्सेदारी न्याय गारंटी’ घोषित करने का रहा हूं।

1. गिनती करो

कांग्रेस पार्टी एक Comprehensive सामाजिक, आर्थिक और जाति जनगणना की गारंटी देती है।

इसके माध्यम से सभी जातियों और समुदायों की आबादी, सामाजिक- आर्थिक दशा, राष्ट्रीय संपदा में उनकी हिस्सेदारी और Governance से जुड़े संस्थानों में उनके प्रतिनिधित्व का सर्वे किया जाएगा।

इस Affirmative Action Policy से देश में क्रांतिकारी बदलाव होगा।

2. आरक्षण का हक़

कांग्रेस इस बात की भी गारंटी देती है कि वह SC, ST और OBC के लिए आरक्षण की 50% की सीमा बढ़ाने के लिए एक Constitutional amendment बिल पारित करेगी।

3. SC / ST SUB PLAN की कानूनी गारंटी

कांग्रेस SC और ST के Special Component Plan को पुनर्जीवित करने और कानून द्वारा लागू करने की गारंटी देती है। यह कदम कुछ कांग्रेस शासित राज्यों द्वारा उठाया जा चुका है।

4. जल-जंगल-ज़मीन का क़ानूनी हक़

  • कांग्रेस आदिवासी वन अधिकारों की संरक्षण की गारंटी देती है।
  • Forest Rights Act के सभी लंबित दावों को एक साल के भीतर हल करने और 6 महीने में Rejected Claims की समीक्षा के लिए कांग्रेस एक transparent process आरंभ करने की गारंटी देती है।
  • कांग्रेस Minor Forest Produce (लघु वन उपज) के लिए MSP गारंटी भी बढ़ाएगी।
  • साथ ही Forest Conservation Amendment Act और भूमि अधिग्रहण अधिनियम के सभी ऐसे संशोधनों को वापस लेगी जो कि आदिवासी विरोधी हैं।

5. अपनी धरती, अपना राज

  • कांग्रेस आदिवासी भाई-बहनों को Self-Governance और उनके सांस्कृतिक अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी देती है।
  • कांग्रेस उन सभी बस्तियों को अनुसूचित क्षेत्रों के रूप में अधिसूचित करने के लिए प्रतिबद्ध है जहां आदिवासी सबसे बड़ा सामाजिक समूह है।

इसके अलावा भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पांच न्याय सिद्धांत के बारे में कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने भी एक्स (ट्विटर) पर विस्तार से लिखा। उन्होंने बताया कि- ‘आज जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से पाँच न्याय किलोमीटर की दूरी तय करके और दो महीने के लंबे सफ़र के बाद मुंबई में डॉ. अंबेडकर स्मारक, चैत्यभूमि में अपने समापन स्थल पर पहुंची तब @INCIndia ने अपने पांच न्याय - पचीस गारंटी की घोषणा की।

ये सभी पांच न्याय – जिसमें युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिसदारी न्याय शामिल है – मिलकर इस अन्याय-काल के अंधेरे को दूर करेंगे और भारत के लोगों के लिए एक समृद्ध, न्याय से भरे और सामंजस्यपूर्ण भविष्य का रास्ता बनाएंगे।’

लंच ब्रेक के बाद यात्रा मुंबई शहर की ओर निकल पड़ी। यहां पर यात्रा के साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी जुड़ीं। दोनों भाई बहनों ने रोड शो किया और फिर जनता को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा- ‘आज यहां आकर हम दोनों बहुत खुश हैं। आज राहुल जी की 6700 किलोमीटर की भारत जोड़ो न्याय यात्रा खत्म हो रही है। ये यात्रा उन्होंने इसलिए की ताकि इस देश की आप असलियत समझें। आज हमारे देश की जो असलियत है उसको समझना बहुत जरूरी है। ये पूरी यात्रा आपको जागरूक बनाने की यात्रा थी। आज हमारे देश में जनता की जागरूकता पर सबसे बड़ा आक्रमण हो रहा है। इसका मतलब है कि आज आप जो मीडिया में देखते हो, जो आप होर्डिंग्स पर देखते हो, अखबारों में देखते हो, वो सब आपको सच्चाई नहीं दिखा रहे हैं। तो जब हम सच्चाई को समझने और जागरूकता की बात करते हैं तो हम ये बात करते हैं कि आपका अपना अनुभव क्या है। आपके जीवन के संघर्ष में पिछले दस सालों में क्या परिवर्तन आया है। क्या महंगाई कम हुई है? क्या बेरोजगारी कम हुई है?’

प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- ‘ये सरकार दो स्तर पर चल रही है। एक स्तर पर आपको दिखाया जा रहा है कि बड़े-बड़े इवेंट हो रहे हैं, बड़े-बड़े काम हो रहे हैं, दूसरे स्तर पर आपकी कमर तोड़ी जा रही है। चाहे नोटबंदी हो या जीएसटी हो, चाहे बेरोजगारी की बात हो। आज रास्ते में एक लड़का गुलशन नाम का मिला। दो बार अग्निवीर में उनका सेलेक्शन हो गया है लेकिन वो जाना नहीं चाहता। क्योंकि उनके पिता जी कह रहे हैं कि चार साल के लिए जाकर तुम क्या करोगे? हर स्तर पर जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं वो आपके खिलाफ लिए जा रहे हैं, गरीबों के खिलाफ लिए जा रहे हैं, दूसरी तरफ आप देख रहे हैं कि बड़े-बड़े अरबपति क्या कर रहे हैं। देश की संपत्ति उनको दी जा रही है। आप खुद इसका अनुभव कर रहे हैं। मैं सिर्फ आपको ये कहने आई हूं कि अपनी जागरूकता आपको खुद बनानी पड़ेगी। आपको खुद अपने जीवन के अनुभव को देखना और समझना पड़ेगा। और ये समझना पड़ेगा कि पिछले दस साल से जो सरकार इस देश में चल रही है वो आपके खिलाफ काम कर रही है, गरीबों के खिलाफ काम कर रही है। इसलिए ये जो न्याय यात्रा है और भारत जोड़ो यात्रा है वो आपके अधिकारों के पक्ष में यात्रा है।’

प्रियंका गांधी के बाद राहुल गांधी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा- ‘आज ये यात्रा मुंबई में समाप्त हो रही है। लेकिन ये मुंबई में समाप्त नहीं हो रही है, धारावी में समाप्त हो रही है। धारावी हिंदुस्तान का हुनर की राजधानी है। जिसको हम स्किल कहते हैं, जिसको जुगाड़ कहा जाता है, ये इन चीजों की राजधानी है। हमने मणिपुर से शुरूआत इसलिए की क्योंकि बीजेपी ने वहां सिविल वार का माहौल बना रखा है। हिंदुस्तान में लड़ाई हुनर और दलालों के बीच में है। धारावी और अदानी के बीच में है। और इसलिए यात्रा में हमने न्याय शब्द जोड़ दिया। ये धारावी आपकी जमीन है। वो दलाल लोग आपसे आपकी जमीन छिनने की कोशिश कर रहे हैं। और आदानी के पीछे देश का प्रधानमंत्री खड़ा है। उसके पास ED, CBI, इन्कम टैक्स, चंदा मामा सभी की शक्ति खड़ी हुई है। दुनिया का सबसे बड़ा वसूली का रैकेट भारत की सरकार चला रही है।’

‘हम हिंदुस्तान की गरीब महिलाओं को साल का एक लाख रुपया देंगे। बीजेपी अमीरों को पैसे बांटती रहती है, लेकिन हमें उस 90% का ख्याल है जिससे ये देश बनता है। आखिरी बात मैं ये कहना चाहूंगा कि धारावी आपका है और आपका ही रहना चाहिए। यहां पर आपको, आपके स्किल को सपोर्ट करना चाहिए, बैंक के दरवाजे आपके लिए खोलने चाहिए और यहां पर भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेंटर बनना चाहिए। ये है सच्चाई। धारावी असली मेक इन इंडिया है। और ये सोचते हैं कि देश दलालों से बनता है, देश दलालों से नहीं बनता है आप जैसे लोगों से बनता है। मेहनत आप करते हो और पैसा अदानी लेकर जाता है।’

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई 6,600 किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा के बाद न्याय यात्रा शाम को मुंबई पहुंची। अपने सफ़र में न्याय यात्रा 15 राज्यों, लगभग 110 ज़िलों से गुजरी। सबसे बड़ी बात ये रही कि इस दौरान करोड़ों लोगों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी मिले। इस दौरान राहुल गांधी ने 15 जनसभा की और 70 स्थानों पर जनता को संबोधित किया। पिछले दो महीनों में, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस के पांच न्याय एजेंडे की रूपरेखा पेश की है और इसे लगातार आगे बढ़ाया है। पांच न्याय एजेंडा में किसान न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल है। सम्मिलित रूप से, कांग्रेस ने पांच न्याय-पच्चीस गारंटी करोड़ों भारतीयों को दिए हैं। इसके पीछे पार्टी का मकसद भारत की जनता को न्याय दिलाना और इस अन्याय-काल के अंधेरे को दूर करना है।

“देश का कोई भी व्यक्ति, जो अपने ऊपर अन्याय महसूस कर रहा है, जिसके ऊपर किसी भी तरह का अन्याय हो रहा है, वो न्याय योद्धा बन सकता है। अगर आप भी न्याय योद्धा बनना चाहते हैं तो 9891802024 पर मिस्ड कॉल करें।”

शेयर करें

Comments (4)

  1. Radhika makhamale

    Mera foto aaya nahi bhiwandi me 16/3/24 ko subhe 9 baje rahulji jidhar ruke the udhar ham aayae the to tabaka o graubme milethe o photo cahiye

  2. Radhika makhamale

    Me Radhika makhamale punase Me mera bacapn me mata idiraji ko mili thi tdaka foto me o rhulji ko dene ke liye aai thi to ofoto rahuljine nahi liye dekhabhi nahi muje dukha laga me rote rote aai me punese aai thi milane ke liye me bacpnse leke aaj tk congress ka kam karti hu pune me kucha kam congress ka acha nahi karte idharke neta log
    Bahu bat karni thi rahuljike sat batana tha magr rahulji hamare pass rykehinahi
    Jay congress

  3. Lachhiram

    2024 का चुनाव तानाशाह के खिलाफ लोकतंत्र की और संविधान की रक्षा के लिए है।

एक टिप्पणी छोड़ें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *